अटल बिहारी वाजपेई के 101वें जन्मदिवस पर दिल्ली को सौगात, खुलीं 45 अटल कैंटीन
भाजपा का वादा पूरा, दिल्ली में पहले चरण में 45 अटल कैंटीन शुरू
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के 101वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में ‘अटल कैंटीन’ योजना की शुरुआत की गई। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में अटल कैंटीन का उद्घाटन किया। इस कैंटीन में लोगों को मात्र ₹5 में भरपेट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी क्रम में दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार स्थित डीडीए पार्क में भी अटल कैंटीन का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और स्थानीय विधायक चंदन चौधरी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अटल कैंटीन देखने और भोजन करने पहुंचे।
इस अवसर पर विधायक चंदन चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि देश का कोई भी नागरिक भूखा न सोए। उन्होंने बताया कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में अटल कैंटीन खोलने का वादा किया था, जो अब साकार हो रहा है। पहले चरण में दिल्ली में 45 अटल कैंटीन शुरू की जा रही हैं, जबकि आने वाले समय में 55 और कैंटीन खोली जाएंगी।
अटल कैंटीन में ₹5 प्रति थाली में रोटी, दाल, सब्जी, चावल और अचार परोसा जाएगा। कैंटीन में पहले टोकन प्रणाली लागू की गई है और एक समय में 48 लोग बैठकर भोजन कर सकेंगे। प्रत्येक कैंटीन में दोपहर और रात के समय करीब 1000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।
