Udayprabhat
Breaking Newsदेश

क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से किया सम्मानित

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट जगत के उभरते सितारे और महज 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वीर बाल दिवस-2025 के अवसर पर आयोजित समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।

कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी बल्लेबाज़ी का लोहा मनवाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है। उनकी असाधारण प्रतिभा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

सबसे कम उम्र में तीन टी20 शतक

वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट के टी20 प्रारूप में इतिहास रचते हुए सबसे कम उम्र में तीन शतक लगाने का कीर्तिमान बनाया है। इससे पहले यह उपलब्धि किसी भी खिलाड़ी ने हासिल नहीं की थी। आईपीएल 2025 में भी वैभव सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज़ बने, जिसके बाद वे देश-विदेश में चर्चा का विषय बन गए।

विजय हजारे ट्रॉफी में 190 रनों की यादगार पारी

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले लीग चरण में वैभव ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 190 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। यह उनके लिस्ट-ए करियर का पहला शतक होने के साथ-साथ अब तक की सबसे बड़ी पारी भी रही। उन्होंने 84 गेंदों में 15 छक्के और 16 चौकों की मदद से यह उपलब्धि हासिल की थी। पुरस्कार समारोह में शामिल होने के कारण वे मणिपुर के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल सके।

वीर बाल दिवस का महत्व

गौरतलब है कि 26 दिसंबर को देशभर में वीर बाल दिवस मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में श्री गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान की स्मृति में इस दिवस की घोषणा की थी। यह दिन देश को साहस, त्याग और प्रेरणा का संदेश देता है।

Leave a Comment