Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

भारतीय महिला टीम का दबदबा कायम, श्रीलंका को तीसरे टी20 में 8 विकेट से रौंदा

हरमनप्रीत कौर रच गईं इतिहास, शेफाली वर्मा का विस्फोटक अर्धशतक

IND W vs SL W T20 Series 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में श्रीलंका को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर सीरीज में अपना वर्चस्व और मजबूत कर लिया। पांच मैचों की सीरीज के इस मुकाबले में 112 रनों के लक्ष्य को भारत ने 6.4 ओवर शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ लगातार चौथी टी20 सीरीज जीत दर्ज की।

शेफाली वर्मा की तूफानी पारी

शानदार फॉर्म में चल रही ओपनर शेफाली वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 42 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए। उनकी इस पारी में 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही शेफाली श्रीलंका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में नाबाद 76 रन बनाए थे।

 रेणुका-दीप्ति की घातक गेंदबाजी

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। रेणुका सिंह ठाकुर ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट, जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट चटकाए। भारतीय गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 112 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए रेणुका सिंह ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हरमनप्रीत कौर ने रचा नया कीर्तिमान

इस जीत के साथ भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह अब टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। हरमनप्रीत ने 130 मैचों में 77वीं जीत दर्ज की, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग (100 मैचों में 76 जीत) के नाम था।

महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा जीत
  • 77 – हरमनप्रीत कौर – भारत (130 मैच)
  • 76 – मेग लैनिंग – ऑस्ट्रेलिया (100 मैच)
  • 72 – हीथर नाइट – इंग्लैंड (96 मैच)
  • 68 – शार्लोट एडवर्ड्स – इंग्लैंड (93 मैच)

इसके अलावा हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी टीम के खिलाफ कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली कप्तान भी बन गईं. ये कौर की 20 मैच में बतौर कप्तान श्रीलंका के खिलाफ 16वीं जीत थी. इससे पहले ये रिकॉर्ड इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लोट एडवर्ड्स के नाम था जिसके नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 मैच में 14 जीत थी.

महिला टी20 में किसी टीम के खिलाफ बतौर कप्तान सबसे ज्यादा जीत
  • 16 – हरमनप्रीत कौर बनाम श्रीलंका (20 मैच)
  • 14 – शार्लोट एडवर्ड्स बनाम ऑस्ट्रेलिया (24 मैच)
  • 14 – हरमनप्रीत कौर बनाम बांग्लादेश (17 मैच)
  • 14 – हीथर नाइट बनाम न्यूजीलैंड (15 मैच)

दीप्ति शर्मा ने भी रचा इतिहास
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन किया और महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन और 150 विकेट का डबल करने वाली पहली क्रिकेटर बन गई. इसके अलावा दीप्ति महिला T20I इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गईं, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के 151 विकेटों की बराबरी कर ली. श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज का चौथा मैच 28 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में ही खेला जाएगा.

Leave a Comment