Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

Dehradun: रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला संडे बाजार हुआ बाहर शिफ्ट, अब लगेगा आईएसबीटी के समीप

जाम का कारण बने रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला संडे बाजार हुआ बाहर शिफ्ट
आईएसबीटी के समीप मेट्रो रेल लिमिटेड की भूमि पर संचालित होगा बाजार

देहरादून:  जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश पर लैंसडाउन चौक के निकट रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला संडे बाजार अब आईएसबीटी के समीप मेट्रो रेल लिमिटेड की भूमि पर संचालित होगा।

शहर में जाम की समस्या का कारण बने संडे बाजार को जिलाधिकारी ने स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं। रेंजर्स ग्राउंड में प्रत्येक रविवार संडे बाजार के आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में आमजन और वाहनों के आगमन से अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक तथा क्रॉस रोड तिराहा/चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ दून मेडिकल कालेज व दून चिकित्सालय आने-जाने वाले रोगियों, उनके परिजनों तथा एम्बुलेंस सेवाओं के आवागमन में भी गंभीर बाधा उत्पन्न होती है। रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति की ओर से रेंजर्स ग्राउण्ड में संचालित रविवार बाजार को निरस्त कर शहर के किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानान्तरित किए जाने का अनुरोध किया गया।

इस संबंध में आहूत बैठक में हुई चर्चा के उपरांत जिलाधिकारी ने रेंजर्स ग्राउंड में रविवार साप्ताहिक बाजार के संचालन पर रोक लगाते हुए आईएसबीटी देहरादून के समीप उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की भूमि पर स्थानान्तरित करने के निर्देश दिए। निर्देशित किया है कि यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक उक्त भूमि पर मेट्रो परियोजना से संबंधित कोई वास्तविक कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।

Leave a Comment