Udayprabhat
uttrakhand

भारत-नेपाल सीमा पर स्मैक तस्करी, एसएसबी ने नेपाली युवक को किया गिरफ्तार

बनबसा बॉर्डर पर 14.42 ग्राम स्मैक बरामद, कीमत साढ़े चार लाख के करीब

चंपावत: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) को एक और बड़ी सफलता मिली है। बनबसा क्षेत्र में तैनात 57वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने पूर्व सूचना के आधार पर भारत से नेपाल स्मैक की तस्करी कर रहे एक नेपाली युवक को 14.42 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 4 लाख 32 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई ग्राम भैसाभोज के पास भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में की गई। एसएसबी की विशेष टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवक को रोका और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से स्मैक बरामद की। आरोपी नेपाल सीमा पार करने की फिराक में था।

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम पारस चंद पुत्र उद्धव चंद (25 वर्ष), निवासी नेपाल बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे स्मैक बनबसा से मिली थी, जिसे नेपाल के महेंद्रनगर पहुंचाना था। इस काम के बदले उसे 5 हजार रुपये मिलने थे।

पुलिस को सौंपा गया आरोपी

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसबी ने आरोपी को बरामद मादक पदार्थ सहित थाना बनबसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बनबसा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए 57वीं वाहिनी के जवान पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ तैनात हैं। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयों को लगातार जारी रखा जाएगा।

Leave a Comment