मुंबई: बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान आज 27 दिसंबर को 60 साल के हो गए हैं। भाईजान के जन्मदिन पर न सिर्फ उनका परिवार और दोस्त, बल्कि देश-विदेश में फैले करोड़ों फैंस भी जश्न में डूबे नजर आए। सलमान ने अपना 60वां बर्थडे 26 दिसंबर की रात बड़े ही खास और शानदार अंदाज में मनाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
सलमान खान की बर्थडे पार्टी में पूरा ‘खान’ परिवार एक छत के नीचे नजर आया। पिता सलीम खान, भाई सुहैल खान समेत परिवार के अन्य सदस्य और करीबी दोस्त पार्टी में शामिल हुए। पार्टी के दौरान सलमान ब्लू डेनिम और ब्लैक टी-शर्ट में बेहद कूल और स्टाइलिश अंदाज में दिखे। उन्होंने फैमिली, रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच केक काटा और पैपराजी के सामने भी मुस्कुराते हुए बर्थडे सेलिब्रेट किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सलमान के घर पर मेहमानों का मेला लगा दिख रहा है। फैंस इन वीडियो पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं और भाईजान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सलमान खान का स्टारडम एक बार फिर यह साबित करता नजर आया कि उम्र उनके लिए सिर्फ एक नंबर है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान का आने वाला साल बेहद अहम माना जा रहा है। 27 दिसंबर 1965 को जन्मे सलमान खान अब अपनी अगली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अपूर्व लखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। बताया जा रहा है कि फिल्म जून 2026 में रिलीज हो सकती है।
इस फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। खास बात यह है कि करीब 20 साल बाद सलमान किसी उम्रदराज अभिनेत्री के साथ बड़े पर्दे पर रोमांस करते दिखेंगे। इससे पहले साल 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘सिकंदर’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी, जिसे लेकर सलमान के फैंस थोड़े निराश जरूर थे।
अब उम्मीद की जा रही है कि ‘बैटल ऑफ गलवान’ के जरिए सलमान खान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी करेंगे। 60 की उम्र में भी सलमान खान का क्रेज, फिटनेस और स्टार पावर यह साफ दिखाता है कि बॉलीवुड में उनका दबदबा आज भी बरकरार है। भाईजान के फैंस को अब उनकी अगली फिल्म और नए सरप्राइज का बेसब्री से इंतजार है।
