देहरादून: उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड में संलिप्त वीआईपी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने देहरादून में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
एस्लेहॉल के समीप आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष करन घाघट के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार प्रभावशाली और वीआईपी आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे जनता का न्याय व्यवस्था से विश्वास डगमगा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल सभी वीआईपी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
मदन लाल ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष करन घाघट, महासचिव धर्मपाल घाघट, प्रदेश उपाध्यक्ष नोहर सिंह, महासचिव सोनू गहलोत, उपाध्यक्ष मान सिंह, चंद्रपाल, हेमंत उप्रेती, ललित भद्री, सुषीला कपूर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
