देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में सचिव समिति की बैठक लेते हुए प्रदेश के शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खेल, पर्यटन और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को 8 मार्च 2026 तक गर्ल्स टॉयलेट से पूर्णतः संतृप्त करने के निर्देश देते हुए स्कूलों में शौचालयों की सफाई एवं रखरखाव के लिए शीघ्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।
मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों की तर्ज पर विकसित करने, उन्हें सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस करने तथा इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के CSR फंड का पूर्ण उपयोग आंगनबाड़ियों पर किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों द्वारा आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने और नए आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूलों के समीप स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों के लिए 2 से 3 दिवसीय शैक्षिक पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने, खेल विभाग को अपने इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिकतम उपयोग की योजना बनाने तथा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी शीघ्र शुरू करने की बात कही। वर्ष 2036 ओलंपिक को लक्ष्य बनाते हुए बच्चों की पहचान और प्रशिक्षण पर बल दिया गया।
इसके साथ ही सभी विभागों में शत-प्रतिशत ई-ऑफिस लागू करने, आधार आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस को सैलरी सिस्टम से जोड़ने तथा पर्यटन के लिए “वन स्टेट वन ग्लोबल डेस्टिनेशन” और “वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल” चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।
