हल्द्वानी में गड्ढे से बचने के दौरान दर्दनाक हादसा, मिक्सर ट्रक की चपेट में आकर किशोर की मौत
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में तेज रफ्तार वाहनों और जर्जर सड़कों के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नहर कवरिंग रोड पर सड़क में बने गड्ढे से बचने के प्रयास में एक किशोर की मिक्सर ट्रक की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर टांडा निवासी गौरीलाल, जो वर्तमान में पनचक्की क्षेत्र में परिवार सहित रहकर खेती-बाड़ी का काम करता है, के दो बेटे ललित और अर्जुन गैस सिलेंडर लेकर मुखानी से पनचक्की की ओर बाइक से लौट रहे थे। जगदम्बा नगर मंदिर के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान पीछे बैठे अर्जुन सड़क पर गिर पड़ा, जिसे सामने से आ रहे तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक ने कुचल दिया।
हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मिक्सर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
