नैनीताल: सरों की नगरी नैनीताल में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। हनुमानगढ़ी के पास उत्तर प्रदेश के रामपुर से आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर के केशवपुर निवासी तेजेंद्र सिंह अपने साथियों करनदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह, अकबाल सिंह और हिमांशु के साथ नैनीताल घूमने आए थे। देर रात सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। हनुमानगढ़ी से आगे तेज गति के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में गिर गई।
गनीमत यह रही कि करीब 50 मीटर नीचे गिरने के बाद कार एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना को देख आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
नैनीताल जिला अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज: नैनीताल सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि-
पांचों पर्यटक रामपुर निवासी हैं, जो नैनीताल घूमने के बाद वापस रामपुर की तरफ लौट रहे थे. इसी दौरान वहां से पास लेने के दौरान पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से खाई से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार किया जा रहा है.
-रविकांत सेमवाल, सीओ, नैनीताल-
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण: वहीं घटना के वक्त कार के आगे चल रहे एक युवक ने गाड़ी खाई में गिरते देखी. उसने बताया कि वे लोग तेज गति में कार चला रहे थे. इस दौरान वो दूसरे वाहनों से पास ले रहे थे. युवक ने कहा कि सभी शराब के नशे में धुत थे, इसी दौरान ये दुर्घटना हुई है.
