Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी के मोरी में देर रात लगी आग से दो मकान जलकर राख, राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन

उत्तरकाशी:  मोरी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम खन्ना में मंगलवार देर रात आग लगने से दो आवासीय भवन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की यह घटना रात लगभग 11:30 बजे पट्टी फतेह पर्वत, तहसील मोरी के चुंगी डंडा क्षेत्र में हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक द्वारा सूचना दी गई कि नंदू लाल एवं वीरेंद्र सिंह के आवासीय प्रयोजन के मकानों में अचानक आग भड़क उठी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। हालांकि दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, क्योंकि उनके मकान और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए।
आग की सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Comment