देहरादून/हल्द्वानी: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी देहरादून में आयोजित प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड के इतिहास में सदैव एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि ठीक एक वर्ष पूर्व आज ही के दिन देवभूमि की जनता को UCC समर्पित किया गया था। यह न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश के संवैधानिक, सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में युगांतकारी क्षण के रूप में याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत संविधान निर्माताओं ने अनुच्छेद 44 में समान नागरिक संहिता का प्रावधान किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में वर्ष 2022 के दृष्टिपत्र में इसे लागू करने का संकल्प लिया गया था, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि इस कानून को लागू करने से पूर्व जनता से व्यापक चर्चा की गई और उत्तराखंड की जनता ने सरकार को अपना समर्थन व आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य भावी पीढ़ी को एक सुरक्षित और समरस उत्तराखंड देना है। UCC समानता के माध्यम से सामाजिक समरसता स्थापित करने का प्रयास है, जिसमें केवल कुप्रथाओं को समाप्त किया गया है।
सीएम धामी ने बताया कि कानून के तहत लीव-इन रिलेशनशिप के लिए भी पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, जिसकी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार धर्म के आधार पर मातृशक्ति के शोषण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा आयोजित UCC की प्रथम वर्षगांठ पर आधारित फोटो गैलरी का निरीक्षण भी किया।
हल्द्वानी में भी हुआ विशेष आयोजन
समान नागरिक संहिता को एक वर्ष पूरे होने पर हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में जिला प्रशासन द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में नगर निगम के मेयर, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
नगर निगम की ओर से UCC सर्टिफिकेट रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष कैंप भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने पंजीकरण कराया। प्रशासन द्वारा लोगों को UCC से जुड़ी प्रक्रियाओं, अधिकारों और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
