Udayprabhat
uttrakhand

चमोली में स्कूली छात्रों पर सरिया से जानलेवा हमला, एक के सिर पर लगे 14 टांके

चमोली: जिले के पीपलकोटी नगर क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल से घर लौट रहे दो स्कूली छात्रों पर कुछ युवकों ने सरिया से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक के सिर पर 14 टांके लगाए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पीपलकोटी के दो छात्र गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पीपलकोटी ग्रेफ कैंप के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उन पर अचानक सरिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्रों के सिर पर गहरी चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को विवेकानंद धर्मार्थ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान एक छात्र के सिर पर 14 टांके लगाए गए, जबकि दूसरे छात्र को भी गंभीर चोटों के चलते उपचार दिया गया। इलाज के बाद दोनों छात्रों को घर भेज दिया गया है।

मामले में एक छात्र की बड़ी बहन और दूसरे छात्र की मां ने पीपलकोटी पुलिस को तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़ित दोनों छात्रों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.“- पूनम खत्री, रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी पीपलकोटी

Leave a Comment