अफगानिस्तान पहले सुपर ओवर में 17 रन डिफेंड न कर पाने के बाद दूसरे सुपर ओवर में 24 रन नहीं बना पाई.
SA vs AFG Super Over: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पांचवें दिन क्रिकेट प्रेमियों को ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया यह मैच डबल सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां आखिरकार साउथ अफ्रीका ने रोमांचक जीत दर्ज की।
दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवरों में 187-187 रन बनाए, जिसके बाद मुकाबला सुपर ओवर में गया। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला मौका रहा जब कोई मैच डबल सुपर ओवर तक पहुंचा।

पहले सुपर ओवर में भी टाई
पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने दो चौके और एक छक्का जड़ते हुए शानदार बल्लेबाजी की। साउथ अफ्रीका को आखिरी गेंद पर छक्के की जरूरत थी और ट्रिस्टन स्टब्स ने फुलटॉस गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
दूसरे सुपर ओवर में चरम पर पहुंचा रोमांच
दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान को 24 रनों का लक्ष्य मिला। रहमानुल्लाह गुरबाज ने लगातार तीन छक्के लगाकर मैच को अफगानिस्तान की झोली में डालने की कोशिश की। आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए एक बड़े शॉट की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज आउट हो गए और यहीं मैच का पासा पलट गया।
दक्षिण अफ्रीका ने संयम और सटीक गेंदबाजी के दम पर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अंक तालिका पर असर
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टूर्नामेंट में यह दूसरी जीत है, जबकि अफगानिस्तान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद अफगानिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म होती नजर आ रही हैं।
यह मुकाबला न सिर्फ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ, बल्कि डबल सुपर ओवर के कारण क्रिकेट इतिहास में भी दर्ज हो गया .
