Udayprabhat
uttrakhand

स्वामी विवेकानंद कॉलेज में एक दिवसीय महा स्वच्छता अभियान, छात्रों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

रुड़की: स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रुड़की में एक दिवसीय महा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने छात्रों को स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। छात्रों ने समूह बनाकर परिसर, संपर्क मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों से कचरा एकत्रित किया और उसका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया। इस अवसर पर लगभग 90 छात्र-छात्राओं एवं 18 स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

Leave a Comment