Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, देहरादून के SSP भी बदले, प्रमेंद्र डोबाल को सौंपी गई कमान, देखिए लिस्ट

देहरादून: उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुष्कर सिंह धामी सरकार ने शुक्रवार, 13 फरवरी को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के कुल 20 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। हालिया आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर राजधानी देहरादून सहित कई संवेदनशील जिलों में नेतृत्व परिवर्तन को अहम कदम माना जा रहा है।

देहरादून में कप्तान बदला

बीते 16 दिनों में पांच हत्याओं की घटनाओं के बाद देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को पद से हटाकर एसएसपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी प्रमेंद्र सिंह डोबाल को देहरादून का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। डोबाल अब तक हरिद्वार के एसएसपी पद पर तैनात थे। हरिद्वार में डोबाल की जगह नवनीत भुल्लर को एसएसपी बनाया गया है। भुल्लर पूर्व में एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

अन्य जिलों में भी बड़े बदलाव

उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को हटाकर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है। उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को उधम सिंह नगर का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
चंपावत के एसपी अजय गणपति कुम्भार के स्थानांतरण के बाद रेखा यादव को चंपावत की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पिथौरागढ़ की कमान अब अक्षय प्रहलाद कोंडे को सौंपी गई है।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में भी अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। चंद्रशेखर को अल्मोड़ा का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि जितेंद्र कुमार मेहरा को बागेश्वर का एसपी नियुक्त किया गया है। निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
हरिद्वार और उधम सिंह नगर में अपराध एवं यातायात शाखा में भी फेरबदल किया गया है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को मजबूत करने की तैयारी है।

विशेष इकाइयों में भी फेरबदल

राज्य की विशेष इकाइयों में भी अहम बदलाव हुए हैं। निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ की जिम्मेदारी दी गई है। प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक सतर्कता नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक सीबीसीआईडी, अमित श्रीवास्तव को सेनानायक आईआरबी प्रथम तथा देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है।

कानून-व्यवस्था पर फोकस

सरकार का यह व्यापक प्रशासनिक कदम ऐसे समय में सामने आया है जब देहरादून समेत कई जिलों में आपराधिक घटनाओं को लेकर सवाल उठ रहे थे। हाल ही में राज्य में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले भी किए गए थे, जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में सक्रिय है।

Leave a Comment