डोईवाला/देहरादून: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को देहरादून पहुंचे और यहां स्थित हिमालयन विश्वविद्यालके दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री ने स्वामी राम की समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
दीक्षांत समारोह के दौरान मेडिकल, नर्सिंग, एलाइड हेल्थ साइंसेज, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, योग विज्ञान और बायो साइंसेज संकायों के कुल 1001 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। साथ ही 31 मेधावी विद्यार्थियों को अकादमिक अवॉर्ड, दो छात्रों को ‘स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवॉर्ड’ तथा 14 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और उत्तराखंड जैसे राज्य में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
वर्ष 2017 में आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह में तत्कालीन उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, तृतीय दीक्षांत समारोह में तत्कालीन राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, चतुर्थ दीक्षांत समारोह में तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तथा वर्ष 2022 में आयोजित पंचम दीक्षांत समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि रहे।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के छठे एवं सप्तम दीक्षांत समारोह में भी राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
