Udayprabhat
Uncategorized

उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए पंजीकरण शुरू, आयु सीमा भी बढ़ी…जानिए पूरी डिटेल

उधमसिंह नगर: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 की औपचारिक घोषणा करते हुए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेना की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (CEE) आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बताते हुए युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है।

आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर अभ्यर्थी 1 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना अनिवार्य होगा। इस वर्ष प्रवेश परीक्षा देशभर के 176 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के लिए पांच विकल्प भरने होंगे, जिनमें से एक केंद्र का आवंटन किया जाएगा। सेना ने स्पष्ट किया है कि केवल CEE में सफल उम्मीदवार ही शारीरिक दक्षता परीक्षा और आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

आयु सीमा में महत्वपूर्ण बदलाव

इस वर्ष अग्निवीर भर्ती नियमों में बड़ा परिवर्तन करते हुए आयु सीमा बढ़ा दी गई है। पहले यह सीमा 17½ से 21 वर्ष निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 17½ से 22 वर्ष कर दिया गया है। आयु सीमा में यह वृद्धि उन युवाओं के लिए राहत भरी खबर है, जो पिछले वर्षों में अधिकतम आयु सीमा पार कर जाने के कारण आवेदन नहीं कर सके थे। भर्ती कार्यालय के अनुसार यह निर्णय युवाओं को अधिक अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है।

उत्तराखंड के इन जिलों को मिलेगा अवसर

अल्मोड़ा स्थित सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। संबंधित जिलों के युवाओं में भर्ती को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष एक महत्वपूर्ण सुविधा यह भी दी गई है कि अभ्यर्थी एक साथ दो अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे चयन की संभावनाएं बढ़ेंगी।

शैक्षणिक योग्यता और पदों का विवरण

अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। टेक्निकल, क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए 12वीं कक्षा विज्ञान वर्ग से उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। ट्रेड्समैन पदों के लिए 8वीं अथवा 10वीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। महिला सैन्य पुलिस और नर्सिंग सहायक पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं निर्धारित की गई है। प्रत्येक पद के लिए निर्धारित शारीरिक मानक और चिकित्सीय परीक्षण भी अनिवार्य होंगे।

बोनस अंकों का प्रावधान

भर्ती प्रक्रिया में खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को अतिरिक्त बोनस अंक दिए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों को उनके स्तर के अनुसार अंक प्रदान किए जाएंगे। एनसीसी ‘C’ प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक का लाभ मिल सकता है। सेना का उद्देश्य प्रशिक्षित, अनुशासित और योग्य युवाओं को प्राथमिकता देना है।

दलालों से सावधान रहने की अपील

सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और मेरिट आधारित है। किसी भी प्रकार की सिफारिश या बिचौलियों की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थियों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी दलाल के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित भर्ती कार्यालय से ही जानकारी प्राप्त करें।

Leave a Comment