IND vs PAK handshake: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हमेशा से भावनाओं और रोमांच का संगम रहा है। अब T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले महामुकाबले से पहले हैंडशेक को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।
क्या बोले पाकिस्तानी कप्तान?
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि क्रिकेट खेल भावना से खेला जाना चाहिए।
उनका बयान था:
“क्रिकेट को उसी स्पिरिट में खेला जाना चाहिए जैसे हमेशा खेला जाता रहा है। हम पारंपरिक हैंडशेक के लिए तैयार हैं, लेकिन फैसला भारत को करना है।”

पिछली बार क्यों हुआ था विवाद?
हैंडशेक को लेकर विवाद की शुरुआत 2025 एशिया कप (यूएई) के दौरान हुई थी। उस समय भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान हाथ मिलाने से इनकार किया था। मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी सीधे डगआउट लौट गए थे। बताया गया कि यह कदम पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए उठाया गया था।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में खेले गए सभी मैच में हैंडशेक नहीं हुआ. ये विवाद यहीं तक नहीं रुका, इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल मैच जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी, जो उस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष थे, से ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया. जिसके बाद मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी देने से इनकार कर दिया और सबके सामने से वो ट्रॉफी लेकर चले गए. जिसके बाद एक नया विवाद शुरू हो गया.
अब नजर किस पर?
क्या मैच से पहले हैंडशेक होगा?
क्या मैदान पर सिर्फ क्रिकेट की बात होगी?
या फिर यह बहस मैच से भी ज्यादा सुर्खियां बटोरेगी?
15 फरवरी को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि एशिया की दो दिग्गज टीमों के बीच सम्मान और खेल भावना की भी परीक्षा होगी।
