Udayprabhat
uttrakhand

लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग को सुप्रीम कोर्ट से मिली मंजूरी, कांग्रेस ने बताया डॉ. हरक सिंह रावत के प्रयासों का परिणाम

देहरादून: लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग को लेकर सुप्रीम कोर्ट से मिली स्वीकृति पर उत्तराखंड कांग्रेस ने स्वागत करते हुए इसे जनसंघर्ष और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के अथक प्रयासों का परिणाम बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बयान जारी कर कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए ठोस और निरंतर प्रयास डॉ. रावत ने किए थे।

गोदियाल ने कहा कि डॉ. हरक सिंह रावत ने केंद्र और राज्य स्तर पर लगातार पैरवी की, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया और इस परियोजना को जनहित से जोड़ते हुए प्राथमिकता दिलाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अब इस स्वीकृति का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविक पहल पूर्व मंत्री द्वारा की गई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जब से कोटद्वार की विधायक ऋतु खंडूरी बनी हैं, तब से यह मामला अधिक विवादों और पेचीदगियों में उलझ गया। उनका आरोप है कि राज्य सरकार की नीतिगत असमंजस और कमजोर पैरवी के कारण परियोजना लंबे समय तक अटकी रही। गोदियाल ने कहा कि विकास कार्यों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन भाजपा तैयार योजनाओं पर श्रेय लेने की राजनीति करती रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग जनता की मांग और संघर्ष का परिणाम है, न कि भाजपा सरकार की कोई नई उपलब्धि।

Leave a Comment