Udayprabhat
uttrakhand

‘जाम मुक्त चारधाम यात्रा’ की कोशिशें तेज, तिलवाड़ा में डीएम का सख्त एक्शन, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

रुद्रप्रयाग: आगामी चारधाम यात्रा 2026 को जाममुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने तिलवाड़ा बाजार स्थित केदारनाथ धाम यात्रा का औचक निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों और लापरवाह विभागों को सख्त चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे ध्वस्त भवनों का मलबा और अधिग्रहित भूमि खाली न किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। जिन भू-स्वामियों को मुआवजा दिया जा चुका है, उन्हें तत्काल भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि आदेशों की अनदेखी पर सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों के साथ बैठक में डीएम ने दो टूक कहा कि सड़क चौड़ीकरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। खाली कराई गई भूमि पर यात्रियों के लिए पार्किंग, विश्राम बेंच और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि दुकानों द्वारा सीमा से बाहर सामान फैलाकर सड़क कब्जाने की प्रवृत्ति अब नहीं चलेगी। निर्धारित सीमा से बाहर अतिक्रमण पाए जाने पर नगर पंचायत के माध्यम से चालान और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तिलवाड़ा बाजार में हर वर्ष यात्रा के दौरान लगने वाले लंबे जाम इस बार प्रशासन के निशाने पर हैं। डीएम का सख्त रुख संकेत दे रहा है कि इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और जाममुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment