हेटमायर के शानदार 85 रन और मोटी के 4 विकेट की मदद से वेस्टइंडीज ने सुपर 8 में जिम्बाब्वे को 107 रन से हरा दिया.
WI vs ZIM in Super 8: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने विस्फोटक प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 107 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने न सिर्फ दो अहम अंक हासिल किए, बल्कि अपना नेट रन रेट भी मजबूत कर लिया।
254 रन का पहाड़ जैसा स्कोर
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला उस पर भारी पड़ गया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन ठोक दिए, जो इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
शेरफेन हेटमायर ने महज 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 34 गेंदों पर 85 रन (7 चौके, 7 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान रोवमैन पॉवेल ने भी 29 गेंदों में तूफानी फिफ्टी जड़कर रनगति को और रफ्तार दी। अंत में रदरफोर्ड की तेजतर्रार बल्लेबाजी ने स्कोर 254 के पार पहुंचा दिया।

147 पर ढेर हुआ जिम्बाब्वे
255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में पहला झटका लगा और फिर विकेटों का सिलसिला थमता नहीं दिखा। कप्तान सिकंदर रजा ने 27 और मायर्स ने 28 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 18वें ओवर में 147 रन पर सिमट गई।
चोट लगी रजा को, खेल भावना दिखाने पहुंचे पॉवेल
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में खेल भावना की शानदार मिसाल देखने को मिली। सिकंदर रजा को बल्लेबाजी के दौरान रोवमैन पॉवेल के जोरदार शॉट पर चोट लग गई। गेंद लगते ही रजा दर्द से कराहते नजर आए और मैदान पर कुछ देर के लिए माहौल गंभीर हो गया।

हालांकि, इसी बीच वेस्ट इंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल तुरंत उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस पल ने दिखा दिया कि क्रिकेट सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और खेल भावना का नाम भी है। मैदान पर प्रतिद्वंद्वी, लेकिन इंसानियत में साथ यही है क्रिकेट की असली खूबसूरती।

