नेहरू ग्राम में समारोह के दौरान मचा हड़कंप, पुलिस ने पिस्टल जब्त कर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की
देहरादून: देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र स्थित नेहरू ग्राम में सोमवार रात एक मेहंदी समारोह के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, समारोह में मौजूद एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से फायर हो गया, जिससे एक युवती घायल हो गई।
घटना के समय परिवार में शादी की रस्में चल रही थीं और मेहमान डांस कर रहे थे। इसी दौरान पिस्टल से निकली गोली युवती के पैर के अंगूठे के पास जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक समारोह में अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल पहले से लोड थी और डांस करते समय ट्रिगर दबने से गोली चल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली है और लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी और समारोह वाले परिवार के बीच पहले से परिचय था, जिसके चलते वह कार्यक्रम में शामिल हुआ था। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया है कि-
कमल कुमार यादव की शिकायत के आधार पर आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग करने और जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा मुकदमे के बाद आरोपी की पिस्टल जब्त कर ली गई है. आरोपी को हिरासत में लिया गया है. साथ ही पिस्टल के लाइसेंस के निस्तारीकरण के लिए डीएम को मामले की रिपोर्ट भेजी है.
-गिरीश नेगी, थाना प्रभारी, रायपुर-
