पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले नरेंद्रनगर में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रशिक्षु उपाधीक्षकों के दीक्षांत समारोह से लौट रहे थे।
ऋषिकेश: मंगलवार शाम ऋषिकेश क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अनंत शंकर ताकवाले की सरकारी गाड़ी को देहरादून रोड पर सामने से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में आईजी समेत किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, आईजी अनंत शंकर ताकवाले नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षु उपाधीक्षकों के दीक्षांत समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे मां कुंजापुरी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के उपरांत जब वे देहरादून लौट रहे थे, तभी सात मोड़ के पास काली मंदिर क्षेत्र में यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि सामने से आ रही कार के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर आईजी की गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि सरकारी वाहन घूमकर दूसरी दिशा में मुड़ गया। दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना ऋषिकेश पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दूसरे वाहन की व्यवस्था कर आईजी को सुरक्षित देहरादून रवाना किया। टक्कर मारने वाली कार के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने नींद की वजह से हादसा होने की बात स्वीकार की।
