डीएम व एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश
चमोली: आगामी 9 मार्च 2026 से शुरू होने वाले विधानसभा बजट सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से कर्णप्रयाग से भराड़ीसैण विधानसभा परिसर तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद विधानसभा परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें बजट सत्र के दौरान की जाने वाली सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग, शौचालय एवं सफाई व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, हेलिपैड, एटीएम, भोजन एवं आवासीय व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, पुलिस आवासीय भवनों की मरम्मत, संवेदनशील क्षेत्रों में नेटवर्क एवं वायरलेस कनेक्टिविटी मजबूत करने तथा शैडो एरिया चिन्हित कर अतिरिक्त संचार साधनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सत्र के दौरान पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। फेरी लगाने वालों, मजदूरों और होमस्टे में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन अभियान भी सख्ती से चलाया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो। संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग से भराड़ीसैण तक सड़क मार्ग का निरीक्षण करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता ओमकार को खम्मप्यांणा और जखेड गदेरे में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा तीन दिन के भीतर सड़क को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन अधिकारियों को जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वे उनका गंभीरता से निर्वहन करें। अतिरिक्त मैनपॉवर अथवा संसाधनों की आवश्यकता होने पर अपर जिलाधिकारी एवं विधानसभा सत्र के नोडल अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी से समन्वय स्थापित करना सुनिश्चित करें।
