Udayprabhat
uttrakhand

हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण के लिए गरजा बुलडोजर, ऊंचापुल चौराहे पर दो बहुमंजिला इमारतें ध्वस्त

हल्द्वानी: शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को ऊंचापुल चौराहे के पास सड़क की जद में आ रही दो बड़ी इमारतों पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन सरकारी भूमि पर बने थे और सड़क चौड़ीकरण की योजना में बाधा बन रहे थे।
प्रशासन का कहना है कि भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर मजबूरन जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।

बताया जा रहा है कि दोनों इमारतें काफी बड़ी और बहुमंजिला हैं, इसलिए उन्हें गिराने में समय लग रहा है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। ध्वस्तीकरण पूरा होने के बाद ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 

हल्द्वानी में कई स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है. लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण को हटा लें. ताकि, प्रशासन को सख्ती न करनी पड़े. यदि लोग खुद ही अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो प्रशासन को मजबूरन बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ेगी.“- एपी वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी

Leave a Comment