Udayprabhat
uttrakhand

नैनीताल घूमने आई युवती से दुष्कर्म की कोशिश, टैक्सी चालक पर लगाए ये आरोप, पीड़िता ने जंगल में छिपकर बचाई जान

नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल की ओर जा रही एक युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। दिल्ली से घूमने आई युवती ने आरोप लगाया है कि टैक्सी चालक ने सुनसान रास्ते पर गाड़ी रोककर उसके साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर चालक ने मारपीट भी की। किसी तरह जान बचाकर युवती जंगल की ओर भाग गई और पूरी रात वहीं छिपकर बितानी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी युवती शनिवार देर रात हल्द्वानी से टैक्सी लेकर नैनीताल के लिए रवाना हुई थी। युवती का आरोप है कि रास्ते में चालक ने मुख्य हाईवे छोड़कर आड़ूखान की ओर जाने वाली लिंक रोड पर गाड़ी मोड़ दी और सुनसान जगह पर कार रोक दी। इसी दौरान उसने युवती के साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं।

पीड़िता ने विरोध किया तो चालक ने उसके साथ मारपीट की। डर के कारण युवती मौके से भागकर पास के जंगल में चली गई और सड़क किनारे झाड़ियों के बीच छिपकर रात गुजारी। युवती के शोर मचाने पर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
सुबह के समय नैनीताल की ओर जा रही एक स्थानीय महिला की नजर डरी-सहमी युवती पर पड़ी। महिला ने उसकी मदद की और उसे नजदीकी पुलिस थाने पहुंचाया। इसके बाद युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात टैक्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए बीडी पांडे अस्पताल भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने देर रात नैनीताल के पाइनस क्षेत्र से आरोपी टैक्सी चालक को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान हल्द्वानी के फतेहपुर निवासी दीपक सिंह बोरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से युवती का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया पीड़िता की तहरीर के आधार पर हल्द्वानी फतेहपुर निवासी टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा को हिरासत में लिया गया है. साथ ही आरोपी के पास से महिला पर्यटक का लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.

Leave a Comment