मोतीचूर फ्लाईओवर पर देर रात हादसा, रोडवेज बस समेत कई वाहन जले, 9 किलोमीटर लंबा जाम, घायलों को अस्पताल में भर्ती
हरिद्वार: हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात मोतीचूर फ्लाईओवर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार में चल रहे चार वाहनों की आपस में टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के तुरंत बाद वाहनों में आग भड़क उठी और फ्लाईओवर पर चीख-पुकार मच गई। आग की ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। आग की चपेट में आकर उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। हरिद्वार के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) वंश बहादुर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि देर रात तक कूलिंग का कार्य जारी रहा।
हादसे के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब नौ किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा। जाम के कारण रायवाला से आने वाली फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकीं, हालांकि हरिद्वार से भेजी गई टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कुछ लोग देहरादून के झंडा मेले से अपने घर बिजनौर लौट रहे थे, जो इस हादसे की चपेट में आ गए। हादसे में घायल लोगों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से हरिद्वार के नजदीकी अस्पताल हरमिलाप में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
