Udayprabhat
uttrakhand

काशीपुर में पुलिस ने स्मैक के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9.98 ग्राम अवैध स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली काशीपुर के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में रविवार को संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम डिजाइन सेंटर के पास कविनगर की ओर जाने वाली गली में जांच कर रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्लास्टिक की पारदर्शी पन्नी में रखी 9.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 1200 रुपये नकद भी मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज खान (44) पुत्र सलीम खान निवासी वार्ड नंबर-9, रहमत शाह बाबा की मजार के पास, मोहल्ला अल्ली खां, कोतवाली काशीपुर, जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 85/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि कहीं नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Comment