Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

रणजी के चैंपियन जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम को मिला करोड़ों का इनाम

BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने टीम को 5 करोड़ रुपये का चेक सौंपा, जबकि JKCA ने 3 करोड़ रुपये का चेक दिया.

जम्मू: रणजी ट्रॉफी में पहली बार खिताब जीतने वाली जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के सम्मान में मंगलवार शाम जम्मू में भव्य समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम साइंस कॉलेज हॉस्टल ग्राउंड में हुआ, जहां टीम की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया गया।

समारोह में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष मिथुन मन्हास भी मौजूद रहे। उन्होंने टीम की उपलब्धि की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को 5 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की। वहीं  जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने भी टीम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 3 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।

जम्मू-कश्मीर की टीम ने 28 फरवरी को हुबली में खेले गए फाइनल मुकाबले में आठ बार की चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ मैच ड्रॉ किया था। हालांकि पहली पारी में 291 रनों की बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया, जिससे टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी अपने नाम की।

इस जश्न में जेकेसीए से जुड़ी अन्य टीमों को भी आमंत्रित किया गया। इनमें अंडर-16 लड़कों की टीम शामिल थी, जिसने हाल ही में विजय मर्चेंट ट्रॉफी  के प्लेट ग्रुप में खिताब जीता है। महिला क्रिकेट टीम भी समारोह का हिस्सा बनी।

कार्यक्रम के दौरान सीनियर पुरुष टीम के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जेकेसीए ने खिलाड़ियों की मेहनत और राज्य का नाम रोशन करने के लिए उनकी सराहना की। इस अवसर पर खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य और कोचिंग स्टाफ भी मौजूद रहे।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुति दी। मशहूर डोगरी गायिका सोनाली डोगरा की प्रस्तुति ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया और खिलाड़ी भी जश्न में झूमते नजर आए।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने टीम की मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह जीत पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का क्षण है और बोर्ड भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देगा।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला  ने भी जम्मू में टीम के सम्मान में एक विशेष डिनर का आयोजन किया था। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को 2 करोड़ रुपये की अतिरिक्त इनामी राशि देकर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि का सम्मान किया।

Leave a Comment