गैरसैंण: गैरसैंण में स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं। विपक्ष ने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और भूमिधरी कानून जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। विपक्षी विधायकों का कहना है कि अब तक पूछे गए कई सवालों के जवाब सरकार की ओर से संतोषजनक नहीं मिले हैं।
कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र खटीमा में एक किसान की करीब 125 एकड़ जमीन पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया। कापड़ी का आरोप है कि किसान की खेत में खड़ी फसल को बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर से जोत दिया गया और इस मामले में पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उनका कहना है कि इस गंभीर मुद्दे पर सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
वहीं कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने बताया कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े एक मामले को विशेषाधिकार हनन के तहत सदन में उठाया था, जिस पर मंगलवार को काफी हंगामा हुआ। अब इस मुद्दे को आज नियम 58 के तहत सदन में सुना जाएगा।
कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि थानों और चौकियों में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस सच्चाई को स्वीकार करने से बच रही है, जबकि आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
इसी बीच कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद ने सरकार पर धार्मिक मुद्दों को अनावश्यक रूप से तूल देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोटद्वार से जुड़े एक मामले और स्कूल निर्माण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से इन विषयों पर भी कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।
विपक्ष ने साफ किया है कि आज सदन में नियम 310 के तहत भूमिधरी कानून का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। विपक्ष का कहना है कि जमीन और कानून व्यवस्था जैसे जनहित से जुड़े सवालों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना होगा।
