फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां साइबर अपराधियों ने खुद को एसबीआई का कर्मचारी बताकर एक युवक को झांसे में ले लिया और उसके क्रेडिट कार्ड से करीब 1 लाख 79 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 मार्च को उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताते हुए अपना नाम सुरेश बताया। आरोपी ने कहा कि पीड़ित का एसबीआई क्रेडिट कार्ड जल्द ही बंद होने वाला है और यदि उसे चालू रखना है तो एक विशेष एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी।
आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ित के व्हाट्सएप पर “SBI.Credit Card.APK” नाम की फाइल भेजी। उसके व्हाट्सएप प्रोफाइल पर एसबीआई का लोगो भी लगा हुआ था, जिससे पीड़ित को उस पर विश्वास हो गया। आरोपी के कहने पर पीड़ित ने अपने मोबाइल में वह फाइल डाउनलोड कर ली।
फाइल डाउनलोड होते ही एक फॉर्म खुला, जिसमें बैंक का लोगो लगा हुआ था। आरोपी के निर्देश पर पीड़ित ने उसमें अपने क्रेडिट कार्ड का नंबर, जन्मतिथि और सीवीसी नंबर दर्ज कर दिया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर दो ट्रांजेक्शन के मैसेज आए, जिनमें 79,998 रुपये और 99,987 रुपये क्रेडिट कार्ड से कटने की सूचना थी। इस तरह कुल 1,79,985 रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई।
जब पीड़ित ने आरोपी के नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। इसके बाद उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में लिखित तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी में शामिल आरोपित कहां से ऑपरेट कर रहे थे।
