Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में एएनटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 144 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 42 लाख कीमत, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

देहरादून: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 144 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि एएनटीएफ और थाना वसंत विहार पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने गुफरान नाम के आरोपित को गिरफ्तार किया, जो देहरादून के आजाद कॉलोनी, पटेल नगर क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित मूल रूप से बिजनौर जिले के कोट खादर गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह हेरोइन देहरादून के ही एक व्यक्ति तरुण पाल उर्फ चीनू से लेकर आया था और इसे शहर में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से बरामद हेरोइन को जब्त कर लिया है और उसके खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Comment