हरिद्वार: अवैध खनन से जुड़े एक वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस महकमे में बड़ा एक्शन लिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नवनीत सिंह भुल्लर ने झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी में तैनात चौकी प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर अवैध खनन से जुड़े लेन-देन और पुलिसकर्मियों से संपर्क की बातचीत सुनाई दे रही थी। ऑडियो में एक पुलिसकर्मी किसी व्यक्ति को शिकायत की जानकारी देते हुए खनन बंद करने की बात करता सुनाई देता है। ऑडियो सामने आते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने झबरेड़ा ने प्रारंभिक जांच के बाद सख्त कदम उठाते हुए इकबालपुर चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद संबंधित पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता की बात आगे खनन करने वालों तक पहुंचा दी। इससे पुलिसकर्मियों की संभावित मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
एसएसपी ने साफ किया है कि पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच टीम को पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
