हरिद्वार: हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव नाले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के संत निरंकारी भवन के पास का बताया जा रहा है। सुबह राहगीरों ने नाले के किनारे पड़े शव को देखा और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए नाले से शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने मृतक की पहचान नहीं की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके।
