Udayprabhat
uttrakhand

हल्द्वानी में बंद मकान में चोरी का खुलासा, लाखों के जेवरात के साथ युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी: हल्द्वानी में बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुखानी थाना पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और कुछ नकदी बरामद की गई है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने इलाके के लगभग 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी ने थाना मुखानी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह 2 मार्च से 5 मार्च के बीच अपने पैतृक गांव थापला ताकुला, जिला अल्मोड़ा गए हुए थे। जब वह वापस घर लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला और घर के अंदर रखे सोने के आभूषण व नकदी गायब थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर संदिग्ध की पहचान की।

इसके बाद 13 मार्च को पुलिस टीम ने हल्दीखाल जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, काठगोदाम बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए मंगलसूत्र, पौंची, झुमके, नथ, टीका सहित अन्य सोने के आभूषण और 2250 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी काठगोदाम थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment