देहरादून: प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन उत्तराखंड के बैनर तले पीआरडी जवानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल, प्रदेश संयोजक महासचिव संजय पवार और पूर्व जिला अध्यक्ष गम्भीर सिंह रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जवान परेड ग्राउंड के पास एकत्रित हुए।
प्रदर्शनकारियों का मुख्य मुद्दा पीआरडी जवानों को 365 दिन का नियमित रोजगार, होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ डीए (महंगाई भत्ता) लागू करना और समान कार्य के लिए समान वेतन सुनिश्चित करना है। जैसे ही जवान धरने पर बैठने की तैयारी कर रहे थे, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति का हवाला देते हुए उन्हें वहां से हटाया और जबरन उठाकर एकता विहार ले जाया गया।
इसके बाद सभी जवान एकता विहार में एकत्र हुए, जहां उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान जवानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द शासनादेश जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरने में करीब 200 से 250 जवान शामिल रहे। इस दौरान जिला अध्यक्ष नवीन बिष्ट, जिला महासचिव पवन बहुगुणा, सुधीर तोमर, कृपाराम, सुनील तोमर, वीर सिंह रावत, पूजा टम्टा, दीपा रावत, महेंद्र सिंह, कृष्ण भट्ट, अनिल गॉड, मोहित कुमार, पंकज कुमार, सत्येंद्र नौगाई और आदर्श कुमार सहित कई पीआरडी जवान मौजूद रहे।
