उत्तराखंड के सीआरपीएफ जवान मुशाहिद अली को मिला वीरता सम्मान, ऑपेशन में 3 नक्सलियों को किया था ढेर
खटीमा: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के निवासी सीआरपीएफ जवान मुशाहिद अली को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
मुशाहिद अली वर्ष 2014 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती हुए थे। सेवा के दौरान उन्होंने देश के कई संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाई।

2019 के ऑपरेशन में दिखाई बहादुरी
जुलाई 2019 में बिहार–औरंगाबाद सीमा के चकरबंदा इलाके में चलाए गए ‘सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन (शैडो)’ के दौरान, कोबरा कमांडो यूनिट में तैनात मुशाहिद अली ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया था। इस दौरान उन्होंने साहस और रणनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया।
राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित
उनकी इस वीरता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार के लिए चयनित किया गया था। यह सम्मान 26 जनवरी 2025 को घोषित किया गया और 9 अप्रैल 2026 को दिल्ली में आयोजित ‘शौर्य दिवस’ समारोह में सीआरपीएफ के डीजी द्वारा उन्हें प्रदान किया गया। मुशाहिद अली वर्तमान में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात हैं और देशसेवा में लगातार सक्रिय हैं।
इस सम्मान के बाद उनके गांव इस्लामनगर और पूरे खटीमा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उनकी बहादुरी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
