आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में बृहस्पतिवार सुबह बड़ी सड़क दुर्घटना हुई. दो वाहनों की आमने सामने हुई टक्कर में कई लोग हताहत हो गए.
येम्मिगनूर: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मंत्रालयम मंडल के चिलकलडोना इलाके में तीर्थयात्रियों से भरी बोलेरो गाड़ी और रेडी-मिक्स लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी यात्री कर्नाटक के चिकमगलूर से मंत्रालयम स्थित श्री राघवेंद्र स्वामी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक सामने से आ रही लॉरी से उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तुरंत येम्मिगनूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेज रफ्तार या लापरवाही इस दुर्घटना की वजह हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
