देहरादून में 15 खातों की जांच में बड़ा खुलासा, 2200 संदिग्ध बैंक खाते रडार पर
देहरादून: राज्य में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने म्यूल खातों के जरिए चल रहे ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जांच के दौरान 15 म्यूल खातों को चिन्हित किया गया, जिनके माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
2200 संदिग्ध खातों की जांच जारी
एसटीएफ ने अब तक 80 से अधिक खातों का सत्यापन कर लिया है, जबकि करीब 2200 संदिग्ध बैंक खाते जांच के दायरे में आए हैं। खाताधारकों की पहचान, बैंक रिकॉर्ड और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण कर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
दो मुख्य एजेंट गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो अहम सदस्यों — दानिश अंसारी और अंकित एंथोनी — को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
एक खाते से ही 1.53 करोड़ की ठगी
जांच में सामने आया कि एक ही बैंक खाते से करीब 1.53 करोड़ रुपये की ठगी हुई, जिससे जुड़ी 28 शिकायतें दर्ज हैं। अन्य खातों में भी लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन पाए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, अपराधी आम लोगों को कमीशन, नौकरी या किराए का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करते थे। बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने में किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि कई लोगों ने लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और नेट बैंकिंग की जानकारी अपराधियों को सौंप दी। ऐसे खाताधारकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
