ऑपरेशन प्रहार के तहत चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल, हथियार और कार बरामद
देहरादून: उत्तराखंड के डोईवाला क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 16 अप्रैल की मध्यरात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद स्विफ्ट कार के घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चालक ने भागने की कोशिश की और बैरियर तोड़कर हरिद्वार की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने तुरंत इलाके में अलर्ट जारी कर घेराबंदी की। पीछा करने पर आरोपी की कार कुआंवाला के पास हाईवे किनारे एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटनास्थल से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। साथ ही इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी सीज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय क्रांतानाथ के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी पर चोरी और आर्म्स एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं और वह डोईवाला व रानीपोखरी में कई मामलों में वांछित चल रहा था।
एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
