Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने किया ग्राउंड जीरो निरीक्षण, सीएम हेल्पलाइन शिकायत की मौके पर की जांच

सीएम ने मोबाइल वीडियो कॉल से अधिकारियों को दिखाई जमीनी हकीकत, फुटपाथ की खराब स्थिति पर जताई नाराजगी

देहरादून: देहरादून के जाखन क्षेत्र में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने औपचारिक बैठक में शामिल होने के बजाय सीधे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

शिकायत में स्थानीय निवासी विवेक मदान ने आरोप लगाया था कि राजपुर रोड पर विद्युत लाइनों के अंडरग्राउंड कार्य के बाद फुटपाथ को सही तरीके से बहाल नहीं किया गया, जिससे टाइल्स बैठ गईं और रास्ता असमान हो गया। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता के साथ मिलकर स्थिति देखी और अपने मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए संबंधित अधिकारियों को वास्तविक स्थिति दिखाई। उन्होंने कार्य में लापरवाही और समन्वय की कमी पर नाराजगी जताई।

सीएम धामी ने कहा कि अंडरग्राउंड के बावजूद कई स्थानों पर बिजली लाइनें ठीक से व्यवस्थित नहीं हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से भी खतरा पैदा कर सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बार-बार खुदाई और मरम्मत की नौबत न आए और जनता का धन व समय दोनों बचें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे आने वाले दिनों में प्रदेशभर में इसी तरह के औचक निरीक्षण करते रहेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment