जल्द से जल्द मार्ग पर शुरू करे सुधारीकरण और सुरक्षात्मक कार्य : जिलाधिकारी
उत्तरकाशी: जिले में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने बुधवार देर शाम पीएमजीएसवाई के तहत 26 किलोमीटर लंबे गंगोरी–गजोली–नौगांव–भंकोली–अगोड़ा मोटरमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्रामीणों द्वारा मार्ग की खराब स्थिति और मरम्मत की मांग पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता हरीश बिजलवाण को सड़क सुधारीकरण का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था और सड़क के ढलान को वैज्ञानिक तरीके से ठीक करने पर विशेष जोर दिया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान भू-धंसाव और भूस्खलन से प्रभावित संकरे स्थानों को चिन्हित करते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार से ही सुधारात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में वायर क्रेट और फ्लड प्रोटेक्शन कार्य जल्द शुरू कर मार्ग को सुरक्षित बनाने को कहा।
वहीं, विधायक सुरेश चौहान ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूस्खलन और स्लिप की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी की निगरानी में डीडीएमओ और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कार्यों और जल निकासी के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
