उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने हिना स्थित स्क्रीनिंग प्वाइंट का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक श्रद्धालु की अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य जांच की जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके। उन्होंने विशेष रूप से हाई-रिस्क श्रेणी के श्रद्धालुओं पर ध्यान देने को कहा और निर्देशित किया कि ऐसे लोगों को यात्रा से पहले जिला अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उचित परामर्श और उपचार लेने की सलाह दी जाए।
डॉ. रावत ने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं पर उनका फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं पर संतोष जताते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।
इस व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद सीएमओ ने जिला चिकित्सालय में हड्डी रोग से संबंधित मरीजों की ओपीडी भी देखी, जिससे आम लोगों को निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाएं, ताकि चारधाम यात्रा पर आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
