Udayprabhat
uttrakhand

चिन्यालीसौड़ में गौ सेवकों का जोरदार प्रदर्शन, ‘गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने’ की उठी मांग

उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ में गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर बड़ा जनप्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय गौ क्रांति मंच के आह्वान पर गौ सेवकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता ने एकजुट होकर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में लोग तहसील परिसर पहुंचे और संगठित रूप से नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद किया। प्रदर्शनकारियों ने “गौ माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों के साथ पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।

मंच के नेतृत्व में ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और नगर पालिका के सभासदों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने और गौशालाओं की स्थिति सुधारने की प्रमुख मांगें रखी गईं।

वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं, इसलिए उनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन के दौरान जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Comment