Udayprabhat
uttrakhand

यमुनोत्री-गंगोत्री धाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, एक लाख पार पहुँचा आंकड़ा

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में अब तक दोनों धामों में कुल 1,01,645 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा ने एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया है।

प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं और सुगम संचालन के चलते भारी भीड़ के बावजूद यात्रा व्यवस्थित ढंग से जारी है। अब तक 10,617 वाहनों ने सुरक्षित रूप से धामों तक पहुँच दर्ज की है। 27 अप्रैल को ही 12,735 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचे, जिनमें 6,557 श्रद्धालु यमुनोत्री और 6,178 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुँचे।

यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि जाम की स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। अब तक 29,800 यात्रियों की स्क्रीनिंग और 4,007 का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। 27 अप्रैल को 4,443 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग और 677 का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। ऊँचाई वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए मेडिकल टीमें 24 घंटे तैनात हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

Leave a Comment