Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा से पहले बड़कोट कोतवाली का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश

श्रद्धालुओं के साथ बेहतर व्यवहार और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

उत्तरकाशी: आगामी चारधाम यात्रा–2026 के पीक सीजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) बड़कोट चंचल शर्मा ने कोतवाली बड़कोट का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और कर्मचारी भोजनालय का गहन जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख और सूचनाएं अद्यतन रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

चारधाम यात्रा के मद्देनजर उन्होंने विशेष रूप से कहा कि थाने में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर त्वरित समाधान किया जाए, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके।

सीओ ने बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही आपसी विवाद या कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और बड़कोट में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा–2026 के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Comment