Udayprabhat
uttrakhand

स्कूल से गायब, नशे में ड्यूटी और धन गबन के आरोप में शिक्षक निलंबित

औचक निरीक्षण में खुली पोल, शिक्षा मित्र से स्पष्टीकरण तलब, मई में और सख्त जांच के संकेत

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए लापरवाह शिक्षकों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में विकासखंड मोरी के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जनसुनवाई के दौरान शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई और कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दौणी में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सट्टा (गोरी) के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिचन्द्र भी जनसुनवाई में अनुपस्थित रहे। जांच में यह भी सामने आया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत जारी धनराशि का जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ, जिससे दोनों शिक्षकों द्वारा सरकारी धन के गबन की आशंका स्पष्ट हुई। इसके चलते दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसी क्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठडियार में कार्यरत शिक्षामित्र संजय कुमार विद्यालय समय में अवकाश का प्रार्थना पत्र देकर चले गए, जिस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

राजकीय इंटर कॉलेज, दौणी में औचक निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक (एलटी) व्यायाम जय सिंह कठैत भी अनुपस्थित मिले। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे बाजार में शराब के नशे में दिखाई दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके निलंबन की संस्तुति की गई, जिस पर अपर निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, गढ़वाल मंडल द्वारा तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा विकासखंड भटवाड़ी कार्यालय में कार्यरत परिचारक पंकज कुमार की लगातार अनुपस्थिति की शिकायत भी सामने आई है, जिस पर विभागीय कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी विद्यालय या कार्यालय में बिना स्वीकृत अवकाश के कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, तो उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन, अनिवार्य सेवानिवृत्ति या सेवा समाप्ति तक शामिल है।

Leave a Comment