Udayprabhat
uttrakhand

महाविद्यालय में चेयर योग कार्यशाला आयोजित, तनाव प्रबंधन की दिशा में सार्थक पहल

उत्तरकाशी: महाविद्यालय के योग विभाग के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “तनाव प्रबंधन हेतु सूक्ष्म योग व्यायाम” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में विशेष रूप से चेयर योग का अभ्यास कराया गया, जो आज की व्यस्त जीवनशैली में बेहद उपयोगी माना जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के IQAC कक्ष में किया गया। कार्यशाला में योग प्रभारी  संगीता डोभाल द्वारा चेयर योग के विभिन्न सरल एवं प्रभावी अभ्यासों का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि कुर्सी पर बैठकर किए जाने वाले ये योगाभ्यास उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं, जो लंबे समय तक बैठकर कार्य करते हैं या पारंपरिक योगासन करने में असमर्थ होते हैं।

इस दौरान उपस्थित सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए चेयर योग का अभ्यास किया। संगीता डोभाल ने बताया कि नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है, मांसपेशियों का तनाव कम होता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अंजु भट्ट, आईक्यूएसी (IQAC) नोडल अधिकारी डॉ. रश्मि उनियाल सहित समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। अंत में योग प्रभारी संगीता डोभाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

Leave a Comment