Udayprabhat
uttrakhand

बागेश्वर जिला सहकारी बैंक गठन को मंजूरी, अल्मोड़ा बैंक की बैठक में फैसला

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड द्वारा आयोजित विशेष सामान्य निकाय की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बागेश्वर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के गठन को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।

बैठक में बैंक के निवर्तमान अध्यक्ष ललित लटवाल ने बताया कि बागेश्वर की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अलग बैंक की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसके लिए पूर्व में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत तथा मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

“वन डिस्ट्रिक्ट वन बैंक” योजना के तहत अल्मोड़ा और बागेश्वर के बीच पूंजी एवं दायित्वों के विभाजन पर चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा तैयार रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत की गई। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक मनोहर सिंह भण्डारी ने रिपोर्ट का वाचन किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वर्तमान में बागेश्वर जिले में बैंकिंग सेवाएं अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक के माध्यम से संचालित हो रही हैं, लेकिन नए बैंक के गठन से स्थानीय स्तर पर सेवाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण क्षेत्रों को अधिक लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां रोहित कुमार, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड नाबार्ड सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अनुभाग अधिकारी भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।

सरकार की इस पहल के तहत भविष्य में चम्पावत और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में भी स्वतंत्र जिला सहकारी बैंकों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीण बैंकिंग ढांचे को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment